🌧️ खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा जनपद में 27 जनवरी को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद
अल्मोड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 जनवरी 2026 को जनपद अल्मोड़ा सहित उत्तराखंड के कई जिलों में कहीं-कहीं तेज वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली एवं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव तथा अन्य आपदाजनक घटनाएं घटित हो सकती हैं।
इसी को देखते हुए जिला प्रशासन अल्मोड़ा द्वारा एहतियातन बड़ा निर्णय लिया गया है। जिला अधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अल्मोड़ा के आदेशानुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 (मंगलवार) को जनपद अल्मोड़ा के समस्त शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें।

Post a Comment